श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
आगामी श्रावण मास एवं शिवरात्रि कांवड़ यात्रा-2026 को जनपद गौतम बुद्ध नगर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत सुरक्षा, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सभी विभागों के कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। कांवड़ शिविरों में शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, स्नानघर, डस्टबिन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, एंटी वेनम तथा चिकित्सा शिविर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख कांवड़ शिविरों एवं थाना-चौकियों के समीप स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया।
विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर सभी विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बिजली के पोलों को इंसुलेट करने के निर्देश दिए गए, ताकि वर्षा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
वन विभाग को मार्ग में बाधा बनने वाली झाड़ियों एवं पेड़ों की शाखाओं की छंटाई तथा साफ-सफाई समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा सभी दुकानों पर मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क, दिशा-सूचक एवं सूचना बोर्ड स्थापित कर श्रद्धालुओं को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें, ताकि श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा-2026 जनपद में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रविशंकर निम, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शाव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) आर.के. गौतम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






