शेष 4% प्लॉट की मांग को लेकर घोड़ी बछेड़ा व जुनपत के किसानों की हुंकार, 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर विशाल अनशन का ऐलान
ग्रेटर नोएडा। शेष 4 प्रतिशत आवासीय प्लॉट की मांग को लेकर सोमवार को ग्राम घोड़ी बछेड़ा एवं ग्राम जुनपत में किसान महापंचायतों का आयोजन किया गया। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों, बुजुर्गों, युवाओं एवं महिलाओं ने भाग लिया और अपने वैधानिक अधिकारों की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में हुए समझौते के अनुसार प्रभावित किसानों को 64.7 प्रतिशत की दर से मुआवजा तथा 10 प्रतिशत आवासीय प्लॉट दिए जाने थे। किसानों को मुआवजा तो मिल गया, लेकिन 10 प्रतिशत के स्थान पर केवल 6 प्रतिशत आवासीय प्लॉट ही आवंटित किए गए, जिससे हजारों किसान आज भी अपने शेष 4 प्रतिशत प्लॉट के अधिकार से वंचित हैं।
किसानों ने कहा कि यह केवल दो गांवों का नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा के 44 गांवों के लगभग एक लाख किसान परिवारों का मुद्दा है। वर्षों से प्रभावित किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आज तक शेष 4 प्रतिशत प्लॉट का आवंटन नहीं किया गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर विशाल अनशन आयोजित किया जाएगा। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक शेष 4 प्रतिशत प्लॉट देने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन
जारी रहेगा।
महापंचायत में किसानों ने 44 गांवों के सभी प्रभावित परिवारों से आह्वान किया कि वे 20 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं। किसानों ने कहा कि इस जनआंदोलन में बुजुर्ग, युवा, मातृशक्ति एवं बच्चे भी शामिल होंगे, क्योंकि यह संघर्ष केवल वर्तमान पीढ़ी के अधिकारों का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का भी प्रश्न है।
वक्ताओं ने कहा कि यदि आज किसान अपने अधिकारों के लिए संगठित नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को भी इसी प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। इसलिए सभी किसानों से एकजुट होकर इस निर्णायक आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






