ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’ में गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़, ₹60 करोड़ की साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा
गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में चलाए गए प्रदेशव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन Cy-Vajra” के अंतर्गत पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
डिजिटल एवं मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर चलाए गए व्यापक सत्यापन एवं सघन छापेमारी अभियान में 8 अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया गया। अभियान के दौरान 700 से अधिक लोगों का सत्यापन एवं पूछताछ की गई। इसके अलावा साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनकी खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार कर साइबर ठगी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस कार्रवाई में कुल 49 अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उनके कब्जे से 67 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, 76 सिम कार्ड, 81 डेबिट/क्रेडिट कार्ड तथा ₹5 लाख से अधिक की नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार और चिन्हित व्यक्तियों का ₹60 करोड़ से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष संबंध सामने आया है।
जांच के दौरान विकसित बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध बड़े स्तर की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से पाया गया है। उसके कब्जे से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं डिजिटल साक्ष्यों का संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कई शिकायतों से सामने आया है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों का फॉरेंसिक परीक्षण कर साइबर अपराध के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन “Cy-Vajra” का उद्देश्य अवैध कॉल सेंटरों, म्यूल बैंक खातों और साइबर अपराध से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाकर भविष्य में ऐसे अपराधों की रोकथाम करना है। पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस की अपील:
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस इकाई को दें।






