यमुना प्राधिकरण की 91वीं बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले, एयरपोर्ट इंडस्ट्रियल नोड, ICMR रिसर्च सेंटर और किसानों के 7% भूखंड पर बड़ा निर्णय
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 91वीं बोर्ड बैठक बुधवार को प्राधिकरण सभागार में अध्यक्ष एवं औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण के विकास, औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना, किसानों के हितों और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान प्राधिकरण की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जानकारी दी गई। साथ ही औद्योगिक एवं निवेश योजनाओं के तहत राजस्व प्राप्ति की प्रगति की समीक्षा की गई। बोर्ड ने हाईराइज भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था को भी स्वीकृति प्रदान की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बोर्ड बैठक में एमएसएमई पार्क, हेलीकॉप्टर पार्क, टॉय पार्क, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क सहित विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बीते एक माह में 63 औद्योगिक इकाइयों की लीज डीड, 118 भूखंडों का कब्जा, 62 मानचित्र स्वीकृत, 84 निर्माण कार्य शुरू, 15 इकाइयों का संचालन प्रारंभ तथा 12 इकाइयों का फैक्ट्री एक्ट के तहत पंजीकरण कराया गया।
बैठक में जेवर क्षेत्र में संचालित इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन बसों की संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा आम जनता को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम धनौरी वेटलैंड के निकट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बोर्ड ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी क्षेत्र (आगरा की ओर) को इंडस्ट्रियल नोड के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा चीन के प्रसिद्ध Yiwu International Trade City की तर्ज पर YEIDA इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने की योजना पर भी प्रस्तुतीकरण किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसानों के हित में बोर्ड ने अधिग्रहीत भूमि के बदले 7 प्रतिशत आबादी भूखंडों के आवंटन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि भूमि क्रय के तुरंत बाद किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जाएं। साथ ही व्यावसायिक होटल योजनाओं में सकारात्मक प्रावधान शामिल करने और बिल्डर्स की आंक्षित परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई।
बैठक में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) को सेक्टर-9 में 30 एकड़ भूमि पर एडवांस्ड रिसर्च फैसिलिटी स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों एवं मास्टर प्लान सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
यमुना प्राधिकरण की 91वीं बोर्ड बैठक में लिए गए इन निर्णयों को जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र, औद्योगिक निवेश, अनुसंधान, आधारभूत ढांचे और किसानों के हितों को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






