उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, पारिवारिक विवादों में आपसी संवाद की सलाह दी तथा राजस्व एवं पुलिस मामलों में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
खिलाड़ियों को दिया भरोसा
जनता दर्शन में पहुंचे खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री ने उनकी खेल तैयारियों और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ-साथ सरकारी सेवाओं में भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा, “आप मेहनत से खेलिए, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतिए, सरकार आपको सरकारी नौकरी में प्राथमिकता देगी।” उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति दे चुकी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पारिवारिक विवाद घर में ही सुलझाने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित लोगों की काउंसिलिंग की। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का समाधान परिवार के बड़े-बुजुर्गों की मौजूदगी में आपसी बातचीत से किया जाना चाहिए। निजी मामलों में बाहरी लोगों की दखलंदाजी से बचना चाहिए, क्योंकि इसका नकारात्मक प्रभाव बच्चों और पूरे परिवार पर पड़ता है।
राजस्व और पुलिस मामलों में लापरवाही पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को दी चॉकलेट, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों का नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट भेंट की तथा मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।






