संयुक्त किसान मोर्चा एवं भाकियू के राष्ट्रीय आह्वान पर दादरी तहसील में पदयात्रा, प्रदर्शन और किसान पंचायत आयोजित, 15 दिन में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
गौतमबुद्ध नगर, संयुक्त किसान मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को दादरी तहसील परिसर में किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ पदयात्रा, प्रदर्शन एवं किसान पंचायत का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी चरण सिंह भाटी ने तथा संचालन विकास गुर्जर ने किया।
किसानों ने शांतिपूर्ण पदयात्रा के माध्यम से अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ दादरी तहसील क्षेत्र से जुड़े किसान एवं जनहित के विषयों पर विस्तृत ज्ञापन उप जिलाधिकारी अभिनेंद्र सिंह, तहसीलदार के.के. चौरसिया एवं दादरी थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार को सौंपा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान भाकियू के एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी एवं दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने अधिकारियों से वार्ता कर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में दाखिल-खारिज में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र की पारदर्शी एवं समयबद्ध व्यवस्था, किसानों से अवैध वसूली पर कार्रवाई, भूमि पैमाइश एवं लंबित राजस्व मामलों का निस्तारण, नोएडा क्षेत्र के राजस्व अभिलेखों की समीक्षा, ग्राम कोट, डेरीन, सेथली एवं छोटा नगला सहित अन्य गांवों के तालाबों का सौंदर्यीकरण, शंकरमनी भूमि एवं पट्टों से जुड़े मामलों का समाधान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विशेष शिविर, स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार, गांवों में निर्माण कार्यों के दौरान अवैध वसूली पर रोक, दादरी उपमंडी (बादलपुर) के आधुनिकीकरण तथा ग्राम कोट-डेरीन हाईवे पर अंडरपास निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
सभा को संबोधित करते हुए भाकियू के गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को अब और अधिक समय तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर ज्ञापन में शामिल मांगों पर प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में किसान एवं जनहित के मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।






