गंभीर बीमारियों के इलाज में भरपूर मदद करेगी सरकार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
जनता दर्शन में 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के दिए निर्देश
गोरखपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित, पारदर्शी एवं संतुष्टिपरक समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय न हो। हर मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा राजस्व और पुलिस से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने पारिवारिक विवादों में पहले आपसी संवाद के माध्यम से समाधान का प्रयास करने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र मरीजों के उपचार का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सके। साथ ही सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर भी विशेष जोर दिया।
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों एवं गोवंश को गुड़ खिलाया और गोशाला के कर्मचारियों को गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






