नॉलेज पार्क पुलिस ने दो मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार, 25 लूटे गए मोबाइल, अवैध तमंचे और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद
ग्रेटर नोएडा, थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 छीनकर ले जाए गए मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को ग्राम गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान फैजान पठान पुत्र मरदान निवासी तिरथली, थाना रबूपुरा, गौतमबुद्ध नगर तथा फरमान पुत्र शहजाद उर्फ सरदार निवासी खाद गोदाम के पास, झाझर, थाना ककोड़, जिला बुलंदशहर (मूल निवासी खीरखानी मोहल्ला, खुर्जा नगर) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नॉलेज पार्क एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे और महंगे मोबाइल फोन को सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क पर मु0अ0सं0 168/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:
- 25 विभिन्न कंपनियों के छीनकर ले जाए गए मोबाइल फोन
- 02 अवैध तमंचे (.315 बोर)
- 02 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
- फर्जी नंबर प्लेट लगी 01 अपाचे मोटरसाइकिल






