SGST के नवागत अपर आयुक्त परीक्षित खटाना से IBA प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट
उद्योगों से जुड़े कर संबंधी मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा, त्वरित समाधान का मिला आश्वासन
ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने SGST (राज्य कर विभाग) के नवागत अपर आयुक्त (ग्रेड-1) श्री परीक्षित खटाना से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक के दौरान GST पंजीयन, एड्रेस परिवर्तन, ई-वे बिल, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), कर अनुपालन तथा उद्योगों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों से अपर आयुक्त को अवगत कराया, जिन पर उन्होंने शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपर आयुक्त श्री परीक्षित खटाना ने कहा कि राज्य कर विभाग और करदाताओं के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक मजबूत किया जाएगा। विभाग नियमित रूप से औद्योगिक क्षेत्रों एवं उद्यमियों के प्रतिष्ठानों में जाकर संवाद स्थापित करेगा, ताकि कर संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर प्रदेश के कर संग्रहण में अग्रणी जनपद है, जिसमें यहां के उद्यमियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनका कार्यालय उद्यमियों के लिए सदैव खुला रहेगा और विभाग उद्योगों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।
IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि उद्योग और प्रशासन के बीच नियमित संवाद ही विश्वास की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री परीक्षित खटाना के नेतृत्व में SGST विभाग और उद्योग जगत के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा, जिससे उद्यमियों को बेहतर कार्य वातावरण और त्वरित समाधान प्राप्त होंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर IBA के महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






