नोएडा प्राधिकरण की जनसंवाद पहल से सफाईबाद को विकास कार्यों की सौगात, ₹1,970 लाख से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
नोएडा, नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज सिंह ने रविवार को इण्डोर स्टेडियम में ग्राम सफाईबाद के ग्रामीणों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेकर उनकी समस्याओं को सुना। कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा सहित जल, विद्युत, उद्यान एवं सिविल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं के समाधान हेतु विधायक पंकज सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम सफाईबाद में कई विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के दौरान गांव में पुलियों को ऊंचा करने, लोहे के जाल लगाने, लाइब्रेरी के लिए दो कमरों के निर्माण तथा विभिन्न गलियों में सीसी एवं आरसीसी कार्यों का ₹170.15 लाख की लागत से शिलान्यास किया गया। वहीं, हरेन्द्र एवं प्रवीन मुखिया वाली गली तथा सेक्टर-72 के समानांतर श्मशान घाट से मदर डेयरी मार्ग तक सीसी, आरसीसी एवं चिनाई कार्यों का ₹80.02 लाख की लागत से लोकार्पण किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम सफाईबाद में लगभग ₹1,720.25 लाख की लागत से 10 अन्य विकास कार्यों को भी शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। इनमें गलियों में सीसी सड़क, नालियों एवं पुलियों का निर्माण, चिनाई कार्य, जाल मरम्मत तथा कुश्ती मैदान के विकास जैसे कार्य शामिल हैं।
जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक एवं प्राधिकरण अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनके त्वरित समाधान का भरोसा दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्राधिकरण अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






