3.31 करोड़ रुपये की लागत से लगीं 21 हाईमास्ट और 450 एलईडी स्ट्रीट लाइटें, विधायक तेजपाल नागर ने किया शुभारंभ 
ग्रेटर नोएडा,ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-3 में सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 21 हाईमास्ट लाइट और 450 एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं। शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय तथा अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस परियोजना का शुभारंभ किया।
करीब 3.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को उद्यमियों की मांग पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंजूरी के बाद प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया। नई प्रकाश व्यवस्था से औद्योगिक क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा बेहतर होगी, आवागमन सुगम बनेगा और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना के अंतर्गत 16 मीटर ऊंचाई के 5 हाईमास्ट तथा 25 मीटर ऊंचाई के 16 हाईमास्ट लगाए गए हैं। इसके अलावा पूरे सेक्टर में 450 आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे क्षेत्र पूरी तरह रोशन हो गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा में विकास कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर औद्योगिक आधारभूत सुविधाएं निवेश को आकर्षित करेंगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देंगी। साथ ही उन्होंने विकसित भारत के निर्माण और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में ग्रेटर नोएडा की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन की ओर से खुशबू सिंह, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, सुरेश शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि एवं उद्यमी भी उपस्थित रहे।






