14-15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का होगा अनिवार्य प्रसारण, काकोरी दिवस से स्वतंत्रता दिवस तक होंगे विशेष आयोजन
लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान करते हुए इस वर्ष 5 करोड़ घरों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का जनआंदोलन है।
शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वतंत्रता दिवस तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में इस अभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाकर देश के सामने मिसाल पेश की है। वर्ष 2022 में 4.10 करोड़, 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ तथा 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस वर्ष इसे और व्यापक बनाते हुए 5 करोड़ घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थान, स्थानीय निकाय, ग्राम पंचायतें, शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा सामाजिक संगठन अपने भवनों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। साथ ही स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ते हुए राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेशभर में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, कलाकृति प्रदर्शनियां, रंगोली प्रतियोगिताएं, प्रकाश सज्जा तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, हवाई अड्डे, सार्वजनिक स्थल और प्रमुख बाजार तिरंगा थीम पर सजाए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां, वंदे मातरम् गायन, चित्रकला प्रतियोगिताएं और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और शहीद स्थलों पर विशेष आयोजन होंगे। इन स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था एवं सजावट सुनिश्चित की जाएगी तथा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों में पुलिस बैंड की भी सहभागिता रहेगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता पर्व से पहले प्रदेशव्यापी विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तिरंगा रैलियों और सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रभक्ति के इस अभियान से जोड़ा जाए। ग्राम पंचायतों के अमृत सरोवरों और ग्राम सचिवालयों में भी विशेष आयोजन किए जाएंगे।
बैठक में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राजधानी लखनऊ सहित प्रत्येक जिला मुख्यालय पर विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाए। कार्यक्रमों में मंत्रिगण, जनप्रतिनिधियों तथा विभाजन से प्रभावित पंजाबी, सिंधी और बंगाली परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएं। बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों की सहभागिता के साथ कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में परिचर्चाओं, संवाद कार्यक्रमों और विचार गोष्ठियों के आयोजन पर भी बल दिया, ताकि युवा पीढ़ी विभाजन के इतिहास, उसके दुष्परिणामों और राष्ट्रीय एकता के महत्व से परिचित हो सके। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों और विभिन्न संचार माध्यमों के सहयोग से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।






