नोएडा प्राधिकरण का ऑनलाइन विभाग सेक्टर-96 मुख्य प्रशासनिक भवन में स्थानांतरित करने की मांग
ग्राम विकास संगठन ने एसीईओ वंदना त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन, किसानों व आम नागरिकों की सुविधा का उठाया मुद्दा
नोएडा,
ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में सोमवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण के नाम संबोधित एक ज्ञापन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सौंपा गया।
ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व नोएडा प्राधिकरण का मुख्य प्रशासनिक कार्यालय सेक्टर-6 से स्थानांतरित होकर सेक्टर-96 में संचालित होने लगा है। इसके बावजूद प्राधिकरण के विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन एवं दस्तावेजों को ऑनलाइन करने का कार्य अभी भी इंदिरा गांधी कला केंद्र, सेक्टर-6 स्थित ऑनलाइन केंद्र से ही किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण किसानों एवं अन्य नागरिकों को पहले सेक्टर-96 स्थित मुख्य प्रशासनिक कार्यालय और फिर दस्तावेज ऑनलाइन कराने के लिए सेक्टर-6 जाना पड़ता है। इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी, समय की बर्बादी तथा अतिरिक्त आर्थिक भार का सामना करना पड़ रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अशोक चौहान ने मांग की कि इंदिरा गांधी कला केंद्र, सेक्टर-6 में संचालित ऑनलाइन विभाग को शीघ्र ही सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में स्थानांतरित किया जाए, ताकि सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें और किसानों सहित आम नागरिकों को बार-बार अलग-अलग स्थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ग्राम विकास संगठन ने कहा कि यदि ऑनलाइन विभाग को मुख्य प्रशासनिक भवन में स्थानांतरित कर दिया जाता है तो इससे प्राधिकरण की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित होगी तथा आमजन को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी। संगठन ने प्राधिकरण से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।






