गौतमबुद्धनगर, 
थाना बीटा-2 पुलिस, एसओजी ग्रेटर नोएडा एवं थाना इकोटेक-1 पुलिस की संयुक्त टीम ने चांदी व्यापारी से हुई लूट की सनसनीखेज घटना का सफल अनावरण करते हुए पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सम्पूर्ण माल, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार तथा एक अवैध तमंचा .315 बोर मय दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 02 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्र में चांदी व्यापारी से लूट की सूचना प्राप्त हुई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर घटना की गंभीरता को देखते हुए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों, सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से लगातार अभियान चलाया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी क्रम में 04/05 अगस्त 2026 की रात थाना बीटा-2, एसओजी ग्रेटर नोएडा एवं थाना इकोटेक-1 पुलिस की संयुक्त टीम ने एटीएस गोलचक्कर के पास से पांच अभियुक्तों—अंकुर, अमित, सोहित बंसल, हिमांशु और कमलकांत—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने संगठित गिरोह बनाकर पहले व्यापारी की कई दिनों तक रेकी की थी। घटना से लगभग आठ दिन पहले दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी बाजार में व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दो कारों में सवार होकर व्यापारी की इटियोस कार का पीछा किया गया। जीरो प्वाइंट से आगे दुर्घटना का बहाना बनाकर कार रुकवाई गई और तमंचे के बल पर व्यापारी एवं उसके साथियों को डराकर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी पूर्व निर्धारित स्थान ग्राम जुनैदपुर के जंगल में एकत्र हुए और लूट का माल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 635 ग्राम पीली धातु (सोने के आभूषण) तथा करीब 12.138 किलोग्राम सफेद धातु (चांदी के आभूषण) बरामद किए हैं। बरामद सामान में पांच हार, दो मंगलसूत्र, 29 पेंडल, 90 अंगूठियां, 18 लॉकेट और 42 जोड़ी झुमकियां शामिल हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार और एक अवैध तमंचा .315 बोर मय दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना बीटा-2 में दर्ज मुकदमा संख्या 298/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने इस सफल कार्रवाई को संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






