‘भ्रष्टाचारियों जिला मुख्यालय छोड़ो’ के नारे के साथ 7 अगस्त से आंदोलन, करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने किया ऐलान
गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने 7 अगस्त से आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। संगठन ने ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अगस्त क्रांति की प्रेरणा से भ्रष्टाचार के खिलाफ जनआंदोलन चलाया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने आरोप लगाया कि जनपद के भूजल विभाग, खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, परिवहन विभाग, तीनों प्राधिकरणों तथा तीनों तहसीलों में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक, किसान और मजदूर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए महीनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो पाता। संगठन का आरोप है कि कई मामलों में सुविधा शुल्क की मांग कर लोगों का आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाता है।
मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि जिस प्रकार 8 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने “अंग्रेजों भारत छोड़ो” आंदोलन का आह्वान किया था, उसी भावना से करप्शन फ्री इंडिया संगठन आजादी के 80 वर्ष बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण अभियान शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त 2026 से “भ्रष्टाचारियों जिला मुख्यालय छोड़ो” के नारे के साथ आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संगठन के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि आंदोलन का पहला चरण जिला मुख्यालय, सूरजपुर परिसर में आयोजित किया जाएगा। उनका कहना है कि उद्देश्य सरकारी विभागों में पारदर्शिता बढ़ाना, भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण करना तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की मांग को प्रभावी ढंग से उठाना है।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. शीतल प्रसाद (मुख्य संरक्षक), मास्टर दिनेश नागर, बलराज हूंण, मुकेश कसाना, चौधरी प्रेमराज भाटी, शिव कुमार कसाना, ब्रह्मपाल सिंह कपसिया, गौरव भाटी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






