पुष्प अर्पित कर शहीदों के त्याग और बलिदान को किया नमन, राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प
गौतमबुद्धनगर, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सेक्टर-29, नोएडा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की रक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रशासक जिला पंचायत अमित कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी सहित पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीदों के जीवन, उनके सैन्य योगदान और देश की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान के बारे में उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी, सुरक्षा और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके त्याग और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते रहेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड तथा एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड के प्रतिभागियों ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैन्य अधिकारियों और विद्यार्थियों ने शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का संदेश दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


