एनटीपीसी दादरी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान
दादरी,
एनटीपीसी दादरी में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात श्री ए.के. मिश्र, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी दादरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कार्यकारी निदेशक श्री ए.के. मिश्र ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एनटीपीसी की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एनटीपीसी 91 गीगावाट की विद्युत उत्पादन क्षमता के स्तर तक पहुंच चुका है।
उन्होंने एनटीपीसी दादरी की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए संस्थान की प्रगति में कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है और इसी समर्पण के बल पर संस्था निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए कर्मचारियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर’, ‘एक्सीलेंस अवार्ड्स’, ‘डिपार्टमेंटल एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर’ तथा ‘हेल्थ चैंपियन’ पुरस्कार शामिल रहे।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा और सभी ने राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।


