ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, स्कूली बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
ग्रेटर नोएडा,
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में शनिवार को भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराया। इस दौरान एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि आजादी हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण विरासत में नहीं मिलता। इसके लिए हर पीढ़ी को अपने हिस्से का योगदान देना होता है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण केवल शहर का निर्माण नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की नींव तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज बनाई जा रही सड़कें आने वाली पीढ़ियां इस्तेमाल करेंगी। उद्योगों के लिए उपलब्ध कराई गई जमीन से केवल फैक्ट्रियां नहीं लगतीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। इसी तरह आवासीय सेक्टरों में केवल मकान नहीं बनते, बल्कि परिवारों के सपने और भविष्य आकार लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की प्रत्येक फाइल के पीछे किसी व्यक्ति का रोजगार, किसी परिवार का सपना या किसी के बेहतर भविष्य की उम्मीद जुड़ी होती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसीईओ ने कहा कि किसी भी संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव और तकनीक के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पास इन दोनों का मजबूत आधार मौजूद है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों में ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल उसे सलामी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना भी तिरंगे का सम्मान है।
इस अवसर पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आजादी के महत्व को समझना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद देश को आजादी दिलाई है। अब जिम्मेदारी हम सभी की है कि आजाद भारत को निरंतर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनका सामना टीम भावना और पूरी जिम्मेदारी के साथ ही किया जा सकता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। वहीं ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने अपनी कविता के माध्यम से देश के सामने मौजूद चुनौतियों को रेखांकित किया।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने वंदे मातरम्, वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान, मिट्टी के बेटे, इक तेरा नाम है सांचा और दिल दिया है, जान भी देंगे सहित विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण के कार्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां एसीईओ सुनील कुमार सिंह, ओएसडी गुंजा सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए गए और अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, ग्रेटर नोएडा एम्प्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


