बिलासपुर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर, 24 हजार वर्गमीटर जमीन अतिक्रमण मुक्त
करीब 48 करोड़ रुपये कीमत की जमीन पर हो रही थी अवैध प्लॉटिंग, प्राधिकरण ने ध्वस्त किए अवैध निर्माण
ग्रेटर नोएडा, 19 अगस्त 2026। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर में करीब 24 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से किए गए निर्माण और बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 48 करोड़ रुपये है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, बिलासपुर के खसरा संख्या 1554 की जमीन पर कुछ कालोनाइजरों द्वारा बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग करने का प्रयास किया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
इसके बाद प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल-8 की टीम मौके पर पहुंची। प्राधिकरण के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण एवं बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया गया और लगभग 24 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या अनधिकृत प्लॉटिंग की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की जमीन अथवा अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा, निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


