अगस्त क्रांति के तहत करप्शन फ्री इंडिया का यूपीसीडा कार्यालय पर हल्ला बोल, प्रदूषण, नालों में कथित भ्रष्टाचार और ग्रामीणों को नोटिस देने का जताया विरोध
ग्रेटर नोएडा। अगस्त क्रांति 2026 के तहत करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर कासना स्थित यूपीसीडा कार्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन की कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य चौधरी प्रेमराज भाटी ने किया। प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने यूपीसीडा एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण, जलभराव एवं नालों की समस्या सहित निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
करप्शन फ्री इंडिया के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषित पदार्थों और नालों की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पर्यावरण एवं जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने नालों के निर्माण में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चौधरी प्रवीण भारतीय ने आरोप लगाया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं यूपीसीडा के अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के लोगों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
वहीं चौधरी प्रेमराज भाटी ने गोपालपुर गांव के ग्रामीणों के पुराने मकानों को अवैध निर्माण बताते हुए जारी किए गए नोटिस का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जो ग्रामीण वर्षों से अपने मकानों में निवास कर रहे हैं, उनके मामलों की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। सभी वैधानिक दस्तावेजों की जांच किए बिना किसी भी ग्रामीण के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, नालों की उचित व्यवस्था, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा गोपालपुर गांव के ग्रामीणों को जारी नोटिस की निष्पक्ष जांच की मांग की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदर्शन में मास्टर दिनेश नागर, प्रेमराज भाटी, प्रेम प्रधान, राकेश नागर, मलखान सिंह यादव, झम्मन सिंह, अजय भाटी, तेजवीर चौहान, यतेंद्र नागर, ब्रह्म प्रधान, शेर सिंह, नवाब सिंह नागर, जगन भाटी, सुभाष भाटी, धर्मपाल सिंह, रिंकू बैसला, सोनू भाटी, प्रवीन, मोहित अधाना, अब्दुल खान, जितेंद्र, महेश, मुकेश, कृष्णपाल सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।


