प्रशासन के अनुरोध पर किसान एकता महासंघ ने वीवो कंपनी पर प्रस्तावित धरना किया स्थगित, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
दनकौर। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने सहित किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर 21 अगस्त को वीवो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन किसान एकता महासंघ ने प्रशासन के अनुरोध पर फिलहाल स्थगित कर दिया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो रोजगार के मुद्दे पर वीवो कंपनी के खिलाफ बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।
किसान एकता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के नेतृत्व में होने वाले इस धरना प्रदर्शन को डीसीपी रवि शंकर निम, रबूपुरा कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ल तथा गौर यमुना सिटी चौकी प्रभारी आशीष कुमार यादव के अनुरोध पर स्थगित किया गया। प्रशासन एवं कंपनी की ओर से संगठन को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद सेक्रेटरी ने बताया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर किसान एकता महासंघ द्वारा 13 अगस्त को वीवो कंपनी को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन के माध्यम से कंपनी में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की गई थी। इसी मांग को लेकर 21 अगस्त को कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन प्रस्तावित था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन एवं वीवो कंपनी के अधिकारियों के अनुरोध तथा जल्द समाधान के आश्वासन को देखते हुए फिलहाल धरना प्रदर्शन स्थगित किया गया है। संगठन जल्द ही स्थानीय युवाओं के रोजगार एवं किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों से वार्ता करेगा।
किसान एकता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना ने कहा कि संगठन स्थानीय युवाओं के रोजगार और किसानों के अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष करता रहेगा। यदि वार्ता एवं आश्वासन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वीवो कंपनी पर रोजगार की मांग को लेकर बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर रमेश कसाना, बलजीत हवलदार, मास्टर इंद्रपाल सिंह, अमित नागर, गजराज कसाना, अरविंद सेक्रेटरी, मोनू कसाना सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


