रायबरेली में स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री योगी को बांधी राखी, सीएम ने दिया उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद
सपेरा समुदाय के प्रतिनिधियों को मिले आवासीय पट्टे, लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, चेक और विभिन्न योजनाओं की सौगात
रायबरेली, रायबरेली में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न विकास योजनाओं के लाभार्थियों को सौगातें वितरित कीं। इस अवसर पर स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बच्चियों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें उपहार भी प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सपेरा समुदाय के प्रतिनिधियों को आवासीय पट्टे प्रदान किए। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, कृषि यंत्रों की चाबी, स्वीकृति पत्र और आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।
सपेरा समुदाय के पांच प्रतिनिधियों को मिले आवासीय पट्टे
मुख्यमंत्री ने मंच पर सपेरा समुदाय की संजू, अंशिका, वंदना, किरण कुमारी और राजनंदिनी को आवासीय पट्टे प्रदान किए। बताया गया कि अब तक सपेरा समुदाय के 60 लोगों को आवासीय पट्टे दिए जा चुके हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नन्हे-मुन्नों का कराया अन्नप्राशन, महिलाओं को दी फलों की टोकरी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने नन्हे-मुन्नों को अपने हाथों से खीर खिलाई और उन्हें दुलारते हुए चॉकलेट एवं खिलौने भी भेंट किए। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को फलों की टोकरी भी वितरित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से सरकार की योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों तक पहुंच की जानकारी ली।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिली सौगात
मुख्यमंत्री के हाथों विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर उन्हें सहायता प्रदान की गई। इनमें—
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
- जगदंबिका सिंह एवं धर्मेंद्र मौर्य को कृषि यंत्र के तहत चाबी।
- सावित्री, मधुलता एवं रामनरेश को आयुष्मान कार्ड।
- अनुज कुमार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 4.50 लाख रुपये का चेक।
- वंदना पांडेय को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 4.37 लाख रुपये से अधिक का चेक।
- अयाज अहमद खान को ओडीओपी योजना के तहत 15 लाख रुपये का चेक।
- विशंभर जीवनानी (कृष्णा देवी प्राइवेट लिमिटेड) को एमएसएमई के तहत राइस मिल के लिए 96 लाख रुपये से अधिक का चेक।
- सिम्मी सिंह को लैपटॉप।
- निर्मला, निशा तिवारी एवं रामवती को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 17.97 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रायबरेली के विकास और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिले।


