यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर एडीएम प्रशासन ने की समीक्षा, समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा आयोजन, यातायात, सुरक्षा, विद्युत, चिकित्सा, अग्निशमन व पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
गौतमबुद्धनगर, आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति तथा परिवहन समिति की तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प, लघु एवं मध्यम उद्यम सहित विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों और क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों एवं आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में आयोजन के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए वाहनों के सुचारु आवागमन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से विस्तृत यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने के लिए कहा गया।
आवास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा
आवास व्यवस्था समिति को बाहर से आने वाले अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था समय से पूर्ण करने तथा होटल एवं अन्य संस्थानों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं सांस्कृतिक समिति को ट्रेड शो के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनसे संबंधित व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया। प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति को आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रचार सामग्री, संकेतक, सूचना पट्ट एवं आयोजन स्थल पर ब्रांडिंग की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विद्युत, अग्निशमन और चिकित्सा व्यवस्था रहेगी पुख्ता
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विद्युत विभाग एवं एनपीसीएल के अधिकारियों को आयोजन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आयोजन स्थल पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण करते हुए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, चिकित्सकीय दल एवं आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं पर भी नजर
आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों और आगंतुकों को संचार संबंधी परेशानी न हो।
एडीएम प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आयोजन से पहले अपनी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय स्थापित कर उसका समाधान कराया जाए।
उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, अग्निशमन, चिकित्सा, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, दूरसंचार और पार्किंग जैसी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आर.के. गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न प्राधिकरणों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


