27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन, गौतमबुद्धनगर पुरुष हॉकी टीम बनी मेरठ जोन की विजेता
गौतमबुद्धनगर, पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में आयोजित 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला)-2026, मेरठ जोन का आज भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरनगर को 6-0 से हराकर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की और मेरठ जोन की विजेता बनी।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर प्रतियोगिता का विधिवत समापन किया।
पुरुष वर्ग में गौतमबुद्धनगर की शानदार जीत
प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच खेला गया। गौतमबुद्धनगर की टीम ने पूरे मुकाबले में शानदार खेल कौशल, तालमेल और आक्रामक रणनीति का प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरनगर की टीम को 6-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ गौतमबुद्धनगर ने चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा जमाते हुए मेरठ जोन पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महिला वर्ग में गाजियाबाद ने जीती ट्रॉफी
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला मेरठ और गाजियाबाद की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक एवं कड़े मुकाबले में गाजियाबाद महिला हॉकी टीम ने मेरठ को 1-0 से पराजित कर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की। गाजियाबाद की टीम ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ जोन की महिला हॉकी प्रतियोगिता की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
08 जनपदों के 175 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में मेरठ जोन के 08 जनपदों से कुल 175 खिलाड़ियों, जिनमें 122 पुरुष एवं 53 महिला खिलाड़ी शामिल रहे, ने प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
समापन अवसर पर डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, पुलिस उपायुक्त लाइन्स ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, निर्णायकों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया तथा प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर श्री रवि शंकर निम, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा, श्री सुरेश रॉय, प्रतिसार निरीक्षक प्रथम, श्री कृष्णवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक द्वितीय, श्री मंजीत सिंह, सेक्रेटरी जिला हॉकी संघ गौतमबुद्धनगर, श्री हरे कृष्णा, स्टेडियम मैनेजर शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, निर्णायक मंडल के सदस्य श्री दलीप कुमार, श्री नीरज कुमार, श्री जुगेन्द्र सिंह, श्री धनंजय, पूर्व ओलम्पिक खिलाड़ी श्री रोमियो जेम्स सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने पुलिस विभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत किया।


