चौधरी केसरी सिंह ‘गुर्जर’ की तृतीय पुण्यतिथि पर संगोष्ठी, नगर निगम गठन और पंचायत चुनाव कराने की उठी मांग
राष्ट्रीय देहात मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं किसानों, गांव-देहात और सामाजिक न्याय के प्रखर पैरोकार स्वर्गीय चौधरी केसरी सिंह ‘गुर्जर’ की तृतीय पुण्यतिथि पर मंगलवार को इंद्रप्रस्थ लॉ कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में श्रद्धांजलि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में राष्ट्रीय देहात मोर्चा, विभिन्न सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्व. केसरी सिंह गुर्जर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक व जनहित कार्यों को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. चौधरी केसरी सिंह ‘गुर्जर’ ने अपने जीवनभर किसानों, वंचित वर्गों और ग्रामीण समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। वे राष्ट्रीय देहात मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहने के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता थे और पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह, वरिष्ठ नेता शरद यादव तथा रामविलास पासवान जैसे राष्ट्रीय नेताओं के विश्वस्त सहयोगी रहे।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में नगर निगम गठन की मांग तेज
संगोष्ठी में वक्ताओं ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आज तक नगर निगम का गठन नहीं होने पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के लाखों नागरिक लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राष्ट्रीय देहात मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राव संजय भाटी ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जिले के 244 गांवों के लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप स्थानीय निकाय का अधिकार नहीं मिला है। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल नगर निगम गठन की घोषणा करने की मांग करते हुए कहा कि इससे नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे और क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
पंचायत चुनाव कराने की भी उठी मांग
वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट महेंद्र अवाना ने कहा कि राष्ट्रीय देहात मोर्चा लगातार जनहित और ग्रामीण अधिकारों के मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य न देना पड़े, इसलिए पंचायत चुनाव बंद कर दिए गए। उन्होंने सरकार से किसानों और ग्रामीणों के हित में शीघ्र पंचायत चुनाव कराने की मांग की।
प्राधिकरणों के बोर्ड में जनता का प्रतिनिधित्व जरूरी
राष्ट्रीय देहात मोर्चा के वरिष्ठ नेता देवराज नागर ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरणों की लापरवाही के कारण किसान, बिल्डर, फ्लैट खरीदार और क्षेत्रवासी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरणों के बोर्ड में जनता का कोई प्रतिनिधि नहीं होने से जनहित के मुद्दों का समाधान नहीं हो पा रहा है। लोकतंत्र में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इन वक्ताओं ने रखे विचार
संगोष्ठी की अध्यक्षता चौधरी जयकरण सिंह (खेड़ी) ने की। कार्यक्रम को डॉ. विपिन गुप्ता, चौधरी सूबेराम डाबरा, चौधरी भीम सिंह सिरसा, नितिन शर्मा, डॉ. विजय गुर्जर, सुनील फौजी और फेडरेशन अध्यक्ष इलम सिंह नागर सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर राव संजय भाटी (बिसरख), अश्विनी पवार, डॉ. अरविंद नागर, जतन भाटी, जगदीश नागर अट्टा, तेजपाल सिंह, छविराम सिंह, धर्मवीर सिंह समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य मांगें
-
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तत्काल नगर निगम का गठन किया जाए।
-
गौतमबुद्ध नगर में पंचायत चुनाव कराए जाएं।
-
प्राधिकरणों के बोर्ड में जनता के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए।
-


