पुलिस बर्बरता के विरोध में भाकियू मंच का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
दिग्विजय भाटी व मोहित जाटव प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
गौतम बुद्ध नगर। भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में मंगलवार को मेरठ में दिग्विजय भाटी एवं मोहित जाटव के साथ कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि धरना-प्रदर्शन की सूचना पूर्व में ही एलआईयू के माध्यम से प्रशासन को दे दी गई थी। निर्धारित समय पर संगठन के पदाधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, लेकिन उस समय सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
करीब दोपहर 1 बजे सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचने के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ज्ञापन के माध्यम से भारतीय किसान यूनियन मंच ने मांग की कि दिग्विजय भाटी एवं मोहित जाटव के साथ हुई घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही यदि जांच में पुलिस अधिकारियों की भूमिका और अधिकारों के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों, एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे सहित दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
संगठन ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस अधिकारियों को भी अपने पद और अधिकारों का इस्तेमाल कानून के दायरे में रहकर करना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के साथ अधिकारों का दुरुपयोग या कथित बर्बरता स्वीकार नहीं की जा सकती। संगठन ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।
भाकियू मंच ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
धरने के दौरान सुरेंद्र प्रधान, चरण सिंह प्रधान, सूरज प्रधान, प्रमोद त्यागी, आसाराम चौहान, सुधीर शर्मा, सुरेंद्र वशिष्ठ, चिंकू यादव, आशीष चौहान, सागर यादव, रिंकू यादव, अमित बैसोया, सोनिया त्यागी, उषा चौहान, गजेंद्र बसोया, सुरेश त्यागी, मुनेश प्रधान, लिल्टी यादव, रामनिवास यादव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


