गुर्जर समाज के दिग्गज नेता एक मंच पर, एकजुटता का दिया बड़ा संदेश
मुरैना की विशाल क्षेत्रीय बैठक में हजारों लोगों ने लिया संकल्प, 29 अक्टूबर को दिल्ली की गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान
मुरैना, मध्य प्रदेश
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के बैनर तले मुरैना में आयोजित विशाल क्षेत्रीय बैठक ने गुर्जर समाज की एकजुटता का मजबूत संदेश दिया। इंद्रलोक पैलेस सभागार में आयोजित इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों और अलग-अलग विचारधाराओं से जुड़े समाज के प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग एक मंच पर दिखाई दिए।
बैठक का आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित गुर्जर स्वाभिमान रैली की तैयारियों को लेकर किया गया। राजीव कसाना द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पटिया वाले बाबा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के मध्य प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने की, जबकि संचालन रामकुमार गुर्जर ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी रहे। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना, जयप्रकाश विकल, रामकेश चपराना, वीरेंद्र बिधूड़ी, जगवीर दौला, गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, प्रेम कृष्ण आर्य, अरुण भाटी और देवेंद्र गुर्जर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में विधायक दिनेश गुर्जर, विधायक साहब सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुराज कसाना, पूर्व विधायक राकेश मावी और पूर्व विधायक रामबरन गुर्जर समेत विभिन्न राजनीतिक दलों एवं विचारधाराओं से जुड़े जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों ने भाग लिया।
समाजहित के मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान
वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं और दल अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन समाज के सम्मान, अधिकार, प्रतिनिधित्व और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। समाज की मजबूत एकता ही उसकी सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बैठक में शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, राजनीतिक भागीदारी और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुर्जर समाज का राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान रहा है और अब समय की आवश्यकता है कि समाज की नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं, उद्योग-व्यवसाय और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
“आज से गुर्जर का जाया, गुर्जर का विरोध नहीं करेगा”
बैठक के दौरान मौजूद जनसमूह ने पटिया वाले बाबा को साक्षी मानकर सामाजिक एकता का संकल्प लिया—
“आज से गुर्जर का जाया, गुर्जर का विरोध नहीं करेगा।”
इस संकल्प के माध्यम से समाज में आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर भाईचारे, एकता और सामाजिक स्वाभिमान को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
बैठक में हजारों लोगों ने 29 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम पहुंचने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने आह्वान किया कि सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदीप गुर्जर, सरनाम सिंह गुर्जर, मोहन सिंह कसाना, एस.के. सिंह, राजेंद्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


