कोट फीडर बिजलीघर पर भाकियू बलराज का अनिश्चितकालीन धरना, अधिकारियों के आश्वासन पर बिजली आपूर्ति सुचारू
जर्जर केबल में आग लगने से ग्रामीणों को हुआ नुकसान, संगठन ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
दादरी। भारतीय किसान यूनियन बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं कैमराला चक्रसैनपुर सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही और लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के विरोध में कोट फीडर बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जली हुई केबल को जोड़कर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई।
भारतीय किसान यूनियन बलराज एवं ग्रामीणों का आरोप है कि कोट फीडर बिजलीघर पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार ग्रामीणों के प्रति संतोषजनक नहीं है। क्षेत्र में जर्जर तारों एवं केबलों के बार-बार जलने तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें लगातार की जाती रही हैं, लेकिन संबंधित एसडीओ एवं जेई द्वारा समस्याओं का गंभीरता से समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, 12 सितंबर की रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच कैमराला चक्रसैनपुर में ट्रांसफॉर्मर से सप्लाई देने वाली केबल में अचानक आग लग गई, जिसके चलते पूरी केबल जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से ग्रामीणों के इलेक्ट्रॉनिक एवं घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों ने इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का आरोप लगाया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद पूरी रात ग्रामीणों को भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में कई बार संपर्क करने के बावजूद संबंधित जेई, एसडीओ एवं बिजली विभाग के अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किए और न ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का संज्ञान लिया। केबल में आग लगने के दौरान दो व्यक्ति भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
इसी घटना से आक्रोशित होकर भारतीय किसान यूनियन बलराज के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने कोट फीडर बिजलीघर का घेराव करते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया। धरने के दौरान बिजली विभाग के जेई एवं संबंधित अधिकारियों के साथ संगठन के पदाधिकारियों की वार्ता हुई।
वार्ता में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही एवं घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। साथ ही ग्रामीणों की बिजली संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा जर्जर तारों एवं केबलों को समय रहते दुरुस्त कराने का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जली हुई केबल को जोड़ने का कार्य कराया गया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारतीय किसान यूनियन बलराज ने स्पष्ट किया कि किसानों एवं ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति दिलाना संगठन की प्राथमिकता है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिजली विभाग द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी की गई अथवा जर्जर तारों और केबलों को समय रहते ठीक नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के हित में बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शौकत अली, प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव, प्रदेश महासचिव कर्मवीर खारी, प्रदेश संगठन मंत्री ब्रह्मचंद्र बैरागी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजीत खारी, प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल भाटी, ब्रिजेश भाटी, प्रदेश महासचिव राजकुमार, प्रदेश संगठन मंत्री बिजेंद्र भाटी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष सोविंदर भाटी, मेरठ मंडल उपाध्यक्ष रवीन्द्र भाटी, जिला प्रवक्ता जीतराम भाटी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानू, प्रदेश सचिव प्रशान्त खारी, जिला कोषाध्यक्ष रतीश पंडित, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. खालिद मसूरी, जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर जोगेन्द्र नागर उर्फ खिजजू पहलवान, जिलाध्यक्ष बुलंदशहर हेमंत पंडित, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष युवा भोलू पंडित, प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. संजीव भाटी, जिला उपाध्यक्ष कपिल पंडित, मलखान, जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप बैरागी, धर्मेंद्र भाटी, अशोक, इंदर भाटी, अरुण, नरेंद्र भाटी, मनवर अली, बबली भाटी, खुर्शीद प्रधान, रियाज राणा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


