चोरी का सामान, गैस सिलेंडर, चेकबुक, सीसीटीवी कैमरा, लोहे की सब्बल और 2 अवैध चाकू बरामद
नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने घरों और दुकानों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किया गया बड़ी मात्रा में दुकान का सामान, गैस सिलेंडर, चेकबुक, मुहर, घड़ी, क्रेडिट कार्ड, सीसीटीवी कैमरा सहित चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली लोहे की सब्बल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को सिटी सेंटर से सेक्टर-12/22 की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम कुमार, विकास, अमन जाटव और कृष्णा के रूप में हुई है।
बंद मकान और दुकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गैंग का कथित लीडर सत्यम कुमार है। आरोपी लोहे की सब्बल की मदद से बंद मकानों और दुकानों के ताले एवं शटर तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम मोरना स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी किया था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चोरी किया गया सामान आरोपियों ने सेक्टर-33ए, नोएडा में गंदे नाले के पास छिपाकर रखा था। इसके बाद सामान को थोड़ा-थोड़ा करके आसपास के गांवों में घूम-फिरकर मजदूरों आदि को बेच दिया जाता था। सामान बेचकर मिली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे और अपने व्यक्तिगत खर्च तथा मौज-मस्ती में इस्तेमाल करते थे।
भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दुकान की बिक्री का सामान बरामद किया, जिसमें 102 डिब्बी सिगरेट, एक टिन सरसों का तेल, तीन पेटी रिफाइंड तेल, 10 पैकेट चोको पाई, 51 पैकेट चिप्स, 107 पैकेट नमकीन और तीन पैकेट गुटखा/तंबाकू शामिल हैं।
इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, दो मुहर, दो चेकबुक, एक घड़ी, एक क्रेडिट कार्ड और एक सीसीटीवी कैमरा भी बरामद किया गया है। चोरी में प्रयुक्त लोहे की सब्बल तथा आरोपी सत्यम कुमार और विकास के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद हुए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- सत्यम कुमार पुत्र वीरेन्द्र परिहार, निवासी ग्राम व थाना रानीगंज, अररिया, बिहार; वर्तमान पता मामूरा, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर। उम्र करीब 20 वर्ष।
- विकास पुत्र हेमराज, निवासी ग्राम कीलापुर, थाना कोतवाली मिर्जापुर, मिर्जापुर; वर्तमान पता मामूरा, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर। उम्र करीब 20 वर्ष।
- अमन जाटव पुत्र रामअवतार, निवासी ग्राम हैतमपुर, थाना कलान, शाहजहांपुर; वर्तमान पता बसई, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर। उम्र करीब 19 वर्ष।
- कृष्णा पुत्र तुलसी, निवासी ग्राम परसा, थाना मौहमदा, गाजीपुर; वर्तमान पता मामूरा, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर। उम्र करीब 18 वर्ष।
दर्ज मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में मु0अ0सं0 515/2026, धारा 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट तथा मु0अ0सं0 513/2026, धारा 305(ए)/317(2)/331(4)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना सेक्टर-58 में मु0अ0सं0 303/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत भी अभियोग दर्ज है।
थाना सेक्टर-24 पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और गैंग से जुड़े अन्य संभावित मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


