पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में निकाला गया पैदल मार्च, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक
नोएडा, गौतमबुद्धनगर। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ग्राम होशियारपुर, सेक्टर-51, नोएडा से पैदल मार्च निकाला गया। रैली के माध्यम से समाज में महिला सुरक्षा, समान अवसर, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
पैदल मार्च का नेतृत्व श्रीमती सुनीती, पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा के साथ थाना सेक्टर-49 एवं महिला थाना की टीमों के समन्वय से किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके अलावा आशा बहुओं, होमगार्ड्स, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
विभिन्न विभागों ने दी महिला सुरक्षा एवं अधिकारों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा उपायों और शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। रैली के दौरान कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के नोएडा जोन के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीम, स्वयं सिद्धा टीम और एंटी रोमियो टीम ने भी सक्रिय भागीदारी की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों, सहायता प्राप्त करने के माध्यमों और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के बारे में जागरूक किया। साथ ही आमजन से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने और महिलाओं के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की अपील की गई।
नवरात्रों के दृष्टिगत महिला सुरक्षा का दिया संदेश
शारदीय नवरात्रों के दृष्टिगत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा। रैली के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत विभिन्न विभागों और आमजन के सहयोग से जनजागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में महिला सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


