दिवाली पर ग्रेटर नोएडा के 127 किसानों को मिला 6% आबादी भूखंड का तोहफा, प्राधिकरण ने निकाला ड्रॉ
सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों को मिली बड़ी राहत, 88 भूखंडों का ड्रॉ और 39 किसानों को जारी हुए आवंटन पत्र
ग्रेटर नोएडा। दिवाली के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों को बड़ी सौगात दी है। लंबे समय से छह प्रतिशत आबादी भूखंड का इंतजार कर रहे दोनों गांवों के 127 किसानों को भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर राहत प्रदान की गई। शुक्रवार, 6 नवंबर को प्राधिकरण की ओर से 88 समान आकार के भूखंडों का ड्रॉ निकाला गया, जबकि 39 किसानों को अलग-अलग आकार के भूखंडों के आवंटन पत्र जारी किए गए। इस फैसले से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर आवंटन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। एसीईओ सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में तथा एसीईओ सुमित यादव की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से भूखंडों का ड्रॉ निकाला गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, सिरसा और डाढ़ा गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद से छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन का मामला लंबित चल रहा था। किसान लगातार अपने भूखंड आवंटित कराने की मांग उठा रहे थे। इस संबंध में किसानों ने प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी मुलाकात कर जल्द समाधान कराने की मांग की थी। इसके बाद सीईओ ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण के ओएसडी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सिरसा गांव के कुल 120 भूखंडों में से 81 समान आकार के भूखंड थे, जिनका क्षेत्रफल 40 वर्ग मीटर से लेकर 500 वर्ग मीटर तक है। इनमें से शुक्रवार को ड्रॉ के माध्यम से आवंटन किया गया, जबकि शेष 39 अलग-अलग आकार के भूखंडों के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए। वहीं, डाढ़ा गांव के सात समान आकार के भूखंडों का भी ड्रॉ निकाला गया। इन किसानों को जल्द ही आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे।
इस अवसर पर एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि किसानों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। सिरसा और डाढ़ा गांव की तरह अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लंबे इंतजार के बाद भूखंड मिलने से किसानों के खिले चेहरे
छह प्रतिशत आबादी भूखंडों का ड्रॉ निकलने और आवंटन पत्र मिलने से किसानों में खुशी का माहौल देखने को मिला। किसानों ने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों, प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और संबंधित अधिकारियों की सराहना की। किसानों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांग पर कार्रवाई होने से उन्हें दिवाली का बड़ा तोहफा मिला है।
किसानों ने कहा कि प्राधिकरण की पिछली बोर्ड बैठक में भी किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। छह प्रतिशत आबादी भूखंडों की पात्रता में माता-पिता के साथ सास-ससुर को भी शामिल करने का निर्णय भी सराहनीय है। इसके साथ ही किसानों की जमीन के मुआवजे में वृद्धि करने का प्रदेश सरकार का फैसला भी महत्वपूर्ण है।
अन्य गांवों के किसानों को भी जल्द मिलेंगे आबादी भूखंड
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन की प्रक्रिया लगातार जारी रखी जाए। जिन गांवों के पात्र किसानों को अभी तक भूखंड आवंटित नहीं हो सके हैं, उनकी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर जल्द आवंटन किया जाए।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य गांवों के किसानों में भी जल्द आबादी भूखंड मिलने की उम्मीद जगी है।


