सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान रहेगा तो दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर सीएम योगी ने किया नमन, बोले- गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता को अंधकार से प्रकाश और अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाने वाली हैं
-
गुरु नानक देव जी के ‘एक ओंकार’ और ‘नाम जपो, कीरत करो, वंड छको’ के संदेश में समाहित है सामाजिक समरसता, समानता और सामूहिकता का भाव
-
गुरु तेग बहादुर जी, गुरु गोविंद सिंह जी और चारों साहिबजादों के त्याग एवं बलिदान को किया नमन
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
-
वीर बाल दिवस की शुरुआत को युवा पीढ़ी में राष्ट्रभाव, धर्म और मूल्यों के प्रति समर्पण जगाने का माध्यम बताया
-
गुरुद्वारों का लंगर सामाजिक समानता, सेवा और समरसता का जीवंत उदाहरण : मुख्यमंत्री
-
सच्ची आध्यात्मिकता अन्याय के सामने मौन रहने की नहीं, बल्कि निर्भीक होकर उसका मुकाबला करने की प्रेरणा देती है
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब तक भारत सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई ताकत देश का बाल बांका नहीं कर सकेगी। सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या, बलिदान और आध्यात्मिक चेतना भारत की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य धरोहर है। गुरु नानक देव जी महाराज ने ‘एक ओंकार’ के माध्यम से संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। इन शिक्षाओं को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर जीवन में आत्मसात करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इतने भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व मनाना सौभाग्य की बात है।
गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती हैं
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन प्रदेश के लिए अत्यंत पवित्र है। प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ, हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर, अमरोहा के तिगरी, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी सहित अनेक तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।
उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली का आयोजन भी होता है, जिसमें लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक आस्था से जुड़ा यह पर्व मानवता को ज्ञान, प्रकाश और सद्भाव का संदेश देता है। इसी पावन अवसर पर गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व भी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
‘एक ओंकार’ ने समाज को एकता और समानता का संदेश दिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके समय में समाज जाति, छुआछूत और अस्पृश्यता जैसी अनेक विसंगतियों से विभाजित था। ऐसे कठिन दौर में गुरु नानक देव जी महाराज ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर मानवता को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का संदेश था कि ईश्वर एक है और हम सभी उसकी संतान हैं, इसलिए प्रत्येक मनुष्य समान सम्मान का अधिकारी है। गुरु नानक देव जी महाराज ने अपनी यात्राओं के माध्यम से मानवता, समानता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की शक्ति रखती हैं।
‘नाम जपो, कीरत करो, वंड छको’ में समाहित है जीवन का सार
मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी महाराज के तीन प्रमुख सिद्धांतों ‘नाम जपो, कीरत करो, वंड छको’ की व्याख्या करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और मिल-बांटकर जीवन जीने की भावना व्यक्ति तथा समाज दोनों को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि ‘वंड छको’ का सिद्धांत सामाजिक सहभागिता, समानता और मानवीय संवेदना का संदेश देता है। गुरुद्वारों में संचालित लंगर परंपरा इस विचार का जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म और मजहब का भेद किए बिना सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा सेवा, समानता, सामाजिक समरसता और मानवता की भावना को मजबूत करती है।
अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देती है सच्ची आध्यात्मिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने आध्यात्मिकता को केवल व्यक्तिगत साधना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा दी। यदि समाज में अन्याय हो रहा हो तो उसके सामने मौन रहना आध्यात्मिकता नहीं है। सच्ची आध्यात्मिक चेतना व्यक्ति को अन्याय का मुकाबला करने और धर्म की रक्षा के लिए साहस प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान इसी विचार का महान उदाहरण है। गुरु तेग बहादुर जी का सर्वोच्च बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का संघर्ष और उनके चारों साहिबजादों की शहादत भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है।
चारों साहिबजादों का बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय साहस तथा बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि अल्पायु में भी चारों साहिबजादों ने धर्म, गुरु परंपरा और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहीं, लेकिन अपने संकल्प से पीछे नहीं हटे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारों साहिबजादों का बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के आयोजन की पहल को आगे बढ़ाया गया, ताकि युवा पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराया जा सके। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि लखनऊ से प्रारंभ हुई यह पहल आज देशव्यापी आयोजन का स्वरूप ग्रहण कर चुकी है। वीर बाल दिवस पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों तथा युवाओं को धर्म, राष्ट्र और अपने मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी जा रही है।
सिख गुरुओं की परंपरा मानवता और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं की आध्यात्मिक चेतना किसी एक स्थान या क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों और सीमाओं से बाहर तक यात्राएं कर मानवता, सेवा, धर्म और सद्भाव का संदेश पहुंचाया। आज सभी का दायित्व है कि सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान बनाए रखें, उनके विचारों को अपने आचरण में उतारें तथा उनके त्याग, तपस्या और योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराते रहें।
उन्होंने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में भी बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर प्राप्त हो।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, मुख्य ग्रंथी अमृतसर ज्ञानी केवल सिंह, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा यहियागंज के मुख्य सेवादार डॉ. गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला के मुख्य सेवादार डॉ. अमरजोत सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार मनमीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार राजू गांधी, सरदार सतनाम सिंह सेठी और पार्षद चरणजीत गांधी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


