बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ अभियान, 4 बच्चों को कराया रेस्क्यू, 4 दुकानदारों पर कार्रवाई
एएचटी थाना, श्रम विभाग व जिला प्रोबेशन विभाग की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान, बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर लोगों को किया जागरूक
हाथरस। जनपद में बाल भिक्षावृत्ति एवं बालश्रम की रोकथाम को लेकर शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान के तहत हाथरस पुलिस ने श्रम विभाग और जिला प्रोबेशन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल पर्यवेक्षण में शनिवार को अभियान चलाकर 04 बच्चों को रेस्क्यू किया गया और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं, बालश्रम कराने वाले 04 दुकान मालिकों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) श्री रवि भूषण शर्मा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने तालाब चौराहा, सिटी रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड हाथरस के आसपास विभिन्न दुकानों पर अभियान चलाया। इस दौरान बाल भिक्षावृत्ति एवं बालश्रम की रोकथाम के लिए जांच और कार्रवाई करते हुए 04 बच्चों को रेस्क्यू किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अभियान में थाना एएचटी टीम के साथ जिला प्रोबेशन विभाग से सह परिवीक्षा अधिकारी श्री दीपक चौहान, आउटरीच कार्यकर्ता कैलाश चन्द्र, वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती फारिया नूसी तथा श्रम विभाग से श्रम निरीक्षक दिनेश कुमार एवं सहायक कर्मी प्रेम सिंह शामिल रहे।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि 04 दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान आमजन को बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए समाज की जिम्मेदारी के बारे में जानकारी दी।
इसके साथ ही लोगों को शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 112 एवं 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया तथा बाल भिक्षावृत्ति, बालश्रम या बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


