किसानों की आवाज बनेगा किसान क्रांति दल, सात राज्यों की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
GBN एक्स्प्रेस न्यूज देवेंद्र सिंह भाटी
विज्ञापन और ख़बर के लिए संपर्क करें– 9958109866.9716929282
भाजपा से समर्थन वापस लेने की घोषणा, यूपी 2027 के चुनाव में केपी सिंह ठेनुआ होंगे पार्टी का राष्ट्रीय चेहरा
ग्रेटर नोएडा। किसानों के अधिकार, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता की लड़ाई को अब राजनीतिक मंच पर ले जाने की तैयारी है। भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने किसान क्रांति दल के गठन के साथ उत्तर प्रदेश समेत सात राज्यों की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि सत्ता और नीतिगत फैसलों में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने से संभव है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शनिवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित प्रेस क्लब ऑफ भारत में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने देशभर के किसान, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से किसान क्रांति दल से जुड़ने की अपील की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय संगठन प्रभारी केपी सिंह ठेनुआ को पार्टी का राष्ट्रीय चेहरा घोषित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की चुनावी गतिविधियों और प्रत्याशियों की घोषणा नोएडा से शुरू की जाएगी।
सात राज्यों में सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा किसान क्रांति दल
ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने घोषणा की कि किसान क्रांति दल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर और गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर किसान, जवान, मजदूर, युवा और महिलाओं के अधिकारों को प्राथमिकता देगी। उनका उद्देश्य किसानों को केवल आंदोलन तक सीमित न रखकर राजनीतिक और नीतिगत निर्णयों में भी प्रभावी भागीदारी दिलाना है।
राष्ट्रीय किसान आयोग और एमएसपी को लेकर उठाई आवाज
पार्टी के प्रमुख एजेंडे पर चर्चा करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय किसान आयोग के गठन की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आयोग का अध्यक्ष और सदस्य ऐसे अनुभवी, ईमानदार तथा प्रगतिशील किसानों को बनाया जाना चाहिए, जो किसानों की समस्याओं और खेती की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हों।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने एमएसपी को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुरूप उत्पादन लागत का डेढ़ गुना निर्धारित करने तथा किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
बेटे को खोने का दर्द बना किसानों की लड़ाई का संकल्प
प्रेस वार्ता के दौरान ठाकुर भानु प्रताप सिंह अपने परिवार की दुखद घटना का जिक्र करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से परेशान उनके आलू किसान बेटे ने वर्ष 2018 में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि किसी दूसरे किसान परिवार को इस तरह की त्रासदी से गुजरना पड़े।
उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सुरक्षा, सम्मानजनक जीवन और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना उनके संघर्ष का मुख्य उद्देश्य है। किसानों की पीड़ा को समझते हुए ऐसी व्यवस्था बनाने की जरूरत है, जिसमें खेती घाटे का सौदा न बने और किसान परिवार सम्मान के साथ जीवन जी सकें।
भाजपा से समर्थन वापस लेने का ऐलान
ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि उनकी ओर से वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों तथा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन दिया गया, लेकिन किसानों के लिए राष्ट्रीय किसान आयोग बनाने की मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब भाजपा से समर्थन वापस लेने का फैसला किया गया है और किसान क्रांति दल किसानों की राजनीतिक ताकत को मजबूत करने के लिए स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरेगा।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने किसानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से किसान क्रांति दल के अभियान में शामिल होने का आह्वान करते हुए नारा दिया— “जय जवान, जय किसान, देश महान।”


