25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण
नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा, 13 जून 2026। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के चौथे संस्करण के लिए देशव्यापी प्रचार अभियान का शुभारंभ नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोडशो के साथ किया गया। यह रोडशो देशभर के उद्योग जगत, निर्यातकों, खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक संगठनों को इस प्रतिष्ठित आयोजन से जोड़ने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।
उत्तर प्रदेश सरकार एवं इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला UPITS-2026 आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। पिछले तीन सफल संस्करणों के बाद यह आयोजन अब प्रदेश का वार्षिक फ्लैगशिप ट्रेड शो बन चुका है।
दिल्ली रोडशो में उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री श्री भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एमएसएमई राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग श्री शशि भूषण लाल सुशील (आईएएस), संयुक्त सचिव (राज्य) विदेश मंत्रालय श्री अजय कुमार, प्रांजल यादव, के. विजयेंद्र पांडियन, शिशिर, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, तथा FIEO के अतिरिक्त महानिदेशक श्री सुविध शाह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
औद्योगिक शक्ति और निर्यात क्षमता का सशक्त मंच : भूपेंद्र चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि UPITS उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, उद्यमशीलता, निर्यात सामर्थ्य और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने वाला प्रभावशाली आयोजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह शो एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने, ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने और नए व्यावसायिक अवसर सृजित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उत्तर प्रदेश को दुनिया से जोड़ने वाला सेतु : हंसराज विश्वकर्मा
एमएसएमई राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भारत की पारंपरिक व्यापारिक विरासत को आधुनिक वैश्विक पहचान देने के उद्देश्य से UPITS की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को विश्व बाजार से जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु बनकर उभरा है।
व्यापार और निवेश का पसंदीदा केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश
प्रमुख सचिव श्री शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि UPITS राज्य सरकार के उस विज़न का प्रतीक है जिसके तहत उत्तर प्रदेश को व्यापार, विनिर्माण, निवेश और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। रोडशो श्रृंखला के माध्यम से देशभर के उद्योगों और खरीदारों की भागीदारी को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नए रिकॉर्ड स्थापित करेगा UPITS-2026
इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि पिछले तीन संस्करणों को मिली अभूतपूर्व सफलता उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि चौथा संस्करण सहभागिता, व्यापारिक अवसरों और अंतरराष्ट्रीय पहुंच के नए मानक स्थापित करेगा।
वैश्विक खरीदारों की बढ़ती रुचि
FIEO के अतिरिक्त महानिदेशक श्री सुविध शाह ने कहा कि UPITS में विदेशी खरीदारों की बढ़ती भागीदारी उत्तर प्रदेश के उत्पादों के प्रति वैश्विक आकर्षण को दर्शाती है। FIEO अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारतीय निर्यातकों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित कर नए बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पिछले संस्करण ने बनाए सफलता के नए कीर्तिमान
सितंबर 2025 में आयोजित UPITS का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ की अवधारणा को मजबूत करने में इस आयोजन की भूमिका की सराहना की थी।
UPITS-2025 में:
- 5.07 लाख से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया।
- 1.40 लाख से अधिक B2B विजिटर्स शामिल हुए।
- 2,228 प्रदर्शकों ने अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित कीं।
- 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भागीदारी की।
- हजारों व्यावसायिक बैठकों के माध्यम से बड़े व्यापारिक अवसर सृजित हुए।
ODOP से ODOC तक मिलेगा नया मंच
UPITS उत्तर प्रदेश की विनिर्माण क्षमता, MSME शक्ति, ODOP उत्पादों, नवाचार, पर्यटन, हस्तशिल्प, संस्कृति और व्यंजनों को एक मंच पर प्रस्तुत करता है। आगामी संस्करण में वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC) जैसी पहल को भी विशेष बढ़ावा मिलने की संभावना है।
एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में अहम कदम
उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाना है। इसी दिशा में UPITS-2026 व्यापार, निवेश, निर्यात, नवाचार और वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






