शेष 4% भूखंड से वंचित किसानों के हक की लड़ाई तेज, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन
किसान प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मुलाकात कर रखी मांग, बोले— शेष 4% प्लॉट किसानों का अधिकार, कोई एहसान नहीं
ग्रेटर नोएडा। शेष 4% आबादी भूखंड से वंचित किसानों की लंबे समय से लंबित समस्या के समाधान और उनके अधिकारों की मांग को लेकर किसान प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान किसानों की समस्याओं और मांगों को विस्तारपूर्वक सांसद के समक्ष रखते हुए शेष 4% प्लॉट आवंटन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने बताया कि शेष 4% प्लॉट से वंचित किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए वह पूर्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पत्र के माध्यम से किसानों की समस्या से अवगत कराया है और व्यक्तिगत मुलाकातों में भी इस मुद्दे को उठाया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डॉ. महेश शर्मा ने किसान प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह शीघ्र लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष शेष 4% प्लॉट से वंचित किसानों की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर मजबूती से रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका हक दिलाने के लिए संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे और समस्या के समाधान के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।
बैठक के दौरान किसानों की मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई। सांसद ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस मुद्दे पर आगे भी सक्रिय पैरवी करने का भरोसा दिलाया।
किसान प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. महेश शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से वर्षों से लंबित शेष 4% प्लॉट आवंटन का मामला समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगा और सभी पात्र एवं प्रभावित किसानों को उनका अधिकार मिलेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि शेष 4% प्लॉट किसानों का अधिकार है, कोई एहसान नहीं। जब तक सभी पात्र एवं प्रभावित किसानों को उनका शेष 4% प्लॉट आवंटित नहीं हो जाता, तब तक इस मांग को लेकर किसानों का संघर्ष और प्रयास लगातार जारी रहेंगे।


