भूमि देने वाले किसानों से सीएम का संवाद, बोले- “जेवर अब वह क्षेत्र बन गया है, जहां कुबेर भी आना चाहते हैं”
लखनऊ, 15 जून। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसानों ने सोमवार को एक ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनते हुए जेवर से लखनऊ के लिए संचालित पहली कमर्शियल फ्लाइट से यात्रा की। राजधानी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री आवास पर किसानों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया तथा उनके साथ संवाद कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से जेवर क्षेत्र के विकास, समृद्धि और नई संभावनाओं का प्रवेश द्वार है। उन्होंने कहा कि किसानों के विश्वास और सहयोग से यह सपना साकार हो पाया है।
“यह एयरपोर्ट आपकी तकदीर बदल देगा”
मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जब जेवर में एयरपोर्ट निर्माण की योजना बनी थी, तब भूमि अधिग्रहण एक बड़ी चुनौती थी। किसानों के साथ संवाद और विश्वास के आधार पर यह कार्य संभव हुआ। उन्होंने कहा कि उस समय किसानों से कहा गया था कि यह एयरपोर्ट उनकी और आने वाली पीढ़ियों की तकदीर बदल देगा, और आज वह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जेवर ने रचा नया इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले जिस क्षेत्र की पहचान पिछड़ेपन और सीमित अवसरों से होती थी, आज वही क्षेत्र वैश्विक निवेश और आधुनिक विकास का केंद्र बन रहा है। जेवर अब देश और दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है।
उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत का पहला ऐसा एयरपोर्ट होगा जहां कार्गो हब और एमआरओ (मेंटिनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉलिंग) जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे किसानों को अपने कृषि उत्पाद सीधे वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाने में बनेगा मील का पत्थर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान फल, सब्जी, अनाज और अन्य उत्पादों को एयर कार्गो के माध्यम से दुनिया के बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। इससे उन्हें स्थानीय बाजार की तुलना में कई गुना बेहतर मूल्य प्राप्त होगा और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विश्वस्तरीय विकास का केंद्र बनेगा जेवर
मुख्यमंत्री ने बताया कि जेवर क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग यूनिट, सेमीकंडक्टर उद्योग, डेटा सेंटर, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स हब, अपैरल पार्क और अन्य आधुनिक परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही दुनिया के पांच प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय भी यहां अपने कैंपस स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं।
युवाओं को मिलेगा रोजगार और कौशल विकास का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जा रही है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को भी मिलेगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र में उच्च शिक्षा, चिकित्सा और खेल सुविधाओं के विस्तार का भरोसा देते हुए कहा कि डिग्री कॉलेज, ट्रामा सेंटर और आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
170 किसानों ने की पहली हवाई यात्रा
जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ तक की इस ऐतिहासिक यात्रा में 28 महिलाओं सहित कुल 170 किसानों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने सभी किसानों को बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार विकास और विश्वास के अपने संकल्प पर लगातार आगे बढ़ रही है और किसानों को कभी निराश नहीं होने देगी।
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, इंडिगो के स्पेशल डायरेक्टर आर.के. सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी तथा यमुना प्राधिकरण के सीईओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






