राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रोहित राजपाल की शेफ डी मिशन नियुक्ति पर डीओए और डीपीवीएल ने दी शुभकामनाएं
दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन और दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, खेल विकास पर हुई चर्चा

दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन (डीओए) और दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल) ने आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल के शेफ डी मिशन नियुक्त किए जाने पर श्री रोहित राजपाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री रोहित राजपाल भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की कार्यकारी समिति के सदस्य, भारतीय डेविस कप टीम के कप्तान तथा ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के उपाध्यक्ष के रूप में खेल जगत में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के संरक्षक श्री संजीव शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री कुलदीप वत्स तथा दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग की सह-संस्थापक सुश्री नीति रावत और सुश्री जसोदा गुलिया के प्रतिनिधिमंडल ने श्री राजपाल से मुलाकात कर उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उल्लेखनीय है कि 2026 के राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होंगे, जिनमें राष्ट्रमंडल के 74 देशों एवं क्षेत्रों के लगभग 3,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शेफ डी मिशन के रूप में श्री राजपाल भारतीय दल के संचालन, समन्वय और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।
बैठक के दौरान दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के प्रतिनिधियों ने श्री राजपाल को लीग के विजन, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। श्री राजपाल ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेलों के विकास के लिए लीग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
बैठक में दिल्ली में वॉलीबॉल के वर्तमान परिदृश्य और उसके विकास की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान युवा खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर सृजित करने तथा राजधानी में एक मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर सहमति व्यक्त की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि श्री रोहित राजपाल के नेतृत्व में भारतीय दल आगामी राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएगा।
हेडलाइन:
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रोहित राजपाल की शेफ डी मिशन नियुक्ति पर डीओए और डीपीवीएल ने दी बधाई
भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन की जताई उम्मीद, खेल विकास पर हुई सार्थक चर्चा






