अब अपराधियों को अभय नहीं, आतंकियों को अवसर नहीं और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने एनएसजी और यूपी पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ, कमांडोज के हैरतअंगेज प्रदर्शन देखकर बढ़ाया जवानों का उत्साह
डकैती में 84 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 77 प्रतिशत से अधिक की आई कमी, आधुनिक तकनीक और मजबूत पुलिसिंग से प्रदेश में कानून का राज स्थापित: मुख्यमंत्री
लखनऊ,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा। बदलते वैश्विक परिदृश्य और सुरक्षा चुनौतियों के बीच आधुनिक तकनीक, सटीक रणनीति, त्वरित निर्णय क्षमता और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करना समय की आवश्यकता है। एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम सुरक्षा बलों की तैयारियों को नई धार और आपसी समन्वय को नई मजबूती प्रदान करेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइन में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) और उत्तर प्रदेश पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियान, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव और विपरीत परिस्थितियों में किए गए विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने जवानों के साहस, अनुशासन और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें सुरक्षा बल हर संभावित चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करते हैं। हमारे जवानों का पराक्रम देश की संप्रभुता का कवच, माताओं-बहनों के सम्मान की ढाल और देश की शांति एवं सुरक्षा का मजबूत आधार है। एनएसजी और यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति और दिशा प्रदान करेगा।
यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस और एटीएस ने अपनी कार्यक्षमता एवं साहस से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एनएसजी के मंच पर 16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्टैंड अलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में एटीएस कमांडो टीम के दो स्नाइपरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, एटीएस महिला कमांडो टीम का गठन महिला सशक्तीकरण के साथ सुरक्षा व्यवस्था में महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी को दर्शाता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने प्रयागराज कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में एनएसजी कमांडोज और यूपी पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़े आयोजनों को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना सुरक्षा बलों के बेहतर समन्वय और तैयारी का प्रमाण है।
अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, डकैती में 84 और लूट में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश दंगों और अपराध की घटनाओं से प्रभावित रहता था, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, आधुनिक संसाधन, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस का बजट तीन से चार गुना तक बढ़ाया गया है तथा पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक आवासीय बैरक और सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त एवं ध्वस्त की गई हैं। महिला सुरक्षा और जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा गया है।
आधुनिक तकनीक से मजबूत हुई प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था
सीएम योगी ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम से जोड़ा गया है। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में साइबर थाने स्थापित किए गए हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, यूपी-112 के रिस्पॉन्स टाइम को 65 मिनट से घटाकर 5 से 7 मिनट तक लाने में सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन, एसटीएफ का सुदृढ़ीकरण और पीएसी का पुनर्गठन किया गया है। तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। देवबंद सहित विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में एटीएस के कमांडो सेंटर स्थापित किए गए हैं। मेट्रो, एयरपोर्ट, न्यायालय परिसरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (यूपीएसएसएफ) का गठन किया गया है, जिसकी छह बटालियन कार्यरत हैं। अयोध्या में एनएसजी का रीजनल हब स्थापित करने के लिए भूमि भी उपलब्ध कराई गई है।
साइबर अपराध, हवाला और क्रिप्टोकरेंसी से निपटने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ अपराधियों और आतंकियों के तरीके भी बदल रहे हैं। अब दुश्मन अदृश्य माध्यमों से देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। हवाला नेटवर्क, नकली करेंसी, अवैध धर्मांतरण, साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से देश की व्यवस्था को कमजोर करने की साजिशें रची जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि एटीएस की 21 फील्ड यूनिट प्रदेश में सक्रिय हैं। वर्ष 2017 के बाद सीमावर्ती, नक्सल प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में 10 नई फील्ड यूनिट स्थापित की गई हैं। एटीएस में अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग और इकोनॉमिक एनालिसिस विंग जैसी विशेष इकाइयां बनाई गई हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों और वित्तीय नेटवर्क पर नजर रखती हैं। अब कोई भी आतंकी या देशविरोधी तत्व डार्क वेब अथवा क्रिप्टो वॉलेट के पीछे छिपकर बच नहीं सकता।
संयुक्त प्रशिक्षण से कमांडोज की क्षमता में होगा इजाफा
सीएम योगी ने कहा कि एनएसजी, बीएसएफ, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त आतंकवाद निरोधक प्रशिक्षण अभ्यास कमांडोज को हर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार करते हैं। बदलती सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप जवानों की क्षमता बढ़ाना और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना आवश्यक है।
उन्होंने वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपनी सुरक्षा नीति की रेडलाइन स्वयं निर्धारित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है। सेना, आधुनिक स्वदेशी तकनीक और मजबूत इच्छाशक्ति के समन्वय से भारत अपनी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है। हमारा लक्ष्य ऐसी सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जो तकनीक में आधुनिक, रणनीति में अचूक, समन्वय में मजबूत और कार्रवाई में निर्णायक हो।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, एनएसजी के आईजी (ऑपरेशन) मेजर जनरल मुकेश भनवाला, आईजी (एटीएस) प्रेम गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं सुरक्षा बलों के जवान मौजूद रहे।


