किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, सहमति से भूमि अधिग्रहण और गुणवत्तापूर्ण विकास पर रहेगा जोर: सीईओ डॉ. बलकार सिंह
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों के साथ पहली बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की
ग्रेटर नोएडा, । ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2004 बैच के आईएएस अधिकारी एवं यूपीसीडा के पूर्व सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सीईओ ने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों की सहमति और जायज मांगों का ध्यान रखने तथा शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसानों की समस्याओं का समयबद्ध हो समाधान
डॉ. बलकार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को ध्यान में रखते हुए ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। किसानों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण कार्यालय में आने वाले प्रत्येक किसान और आवंटी की शिकायतों को अधिकारी गंभीरता और सम्मान के साथ सुनें। किसी भी व्यक्ति को कार्यालय में असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विकास कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परियोजना विभाग की टीम को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने और प्रतिष्ठित एजेंसियों के माध्यम से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं को चिह्नित करने और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर विशेष जोर
शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सीईओ ने सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा एसटीपी से शोधित पानी के पुनः उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सिंचाई और निर्माण कार्यों में भूजल के स्थान पर ट्रीटेड वाटर का इस्तेमाल किया जाए, जिससे भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
निवेशकों को मिलेगी सिंगल विंडो की सुविधा
निवेश को बढ़ावा देने और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सीईओ ने सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को बेहतर सुविधाएं और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सके। वहीं, आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर उन्हें निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश नियोजन विभाग को दिए।
बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह सहित प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीईओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


