भाकियू सर छोटूराम ने जिम्स कर्मचारियों और डीड राइटर्स की हड़ताल को दिया समर्थन, 10 दिन में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रेटर नोएडा, 22 जून 2026। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट भूपेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में जिम्स (GIMS) ग्रेटर नोएडा में चल रही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तथा प्रदेशभर में ऑनलाइन रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में डीड राइटर्स/रजिस्ट्रार ऑफिस बार एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया।
जिम्स कर्मचारियों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट भूपेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिम्स अस्पताल, कासना पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर रहे जिम्स आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ को अपना समर्थन दिया। इस दौरान संगठन ने एसडीएम सदर और जिम्स निदेशक को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
बैठक के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। संगठन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि 10 दिनों के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो सभी किसान संगठनों को साथ लेकर जिम्स अस्पताल परिसर के भीतर ही बड़ा धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कोरोना काल सहित विभिन्न परिस्थितियों में वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।
ऑनलाइन रजिस्ट्री के विरोध में डीड राइटर्स को भी मिला समर्थन
इसके बाद संगठन के पदाधिकारी गामा-2, ग्रेटर नोएडा स्थित डीड राइटर्स/रजिस्ट्रार ऑफिस बार एसोसिएशन के कार्यालय पहुंचे और प्रदेश में लागू ऑनलाइन रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को समर्थन दिया।
संगठन ने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्री व्यवस्था से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों और आमजन को हो रही परेशानियों का समाधान किया जाना चाहिए। किसान यूनियन ने मांग की कि सरकार संबंधित पक्षों से संवाद स्थापित कर उचित समाधान निकाले, ताकि आम जनता और संबंधित पेशे से जुड़े लोगों को राहत मिल सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महिला गीता निगम, प्रदेश प्रवक्ता विनोद राठी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतवीर गुर्जर, जिला अध्यक्ष विनेश रावल, राजू नंबरदार, फुरकान राणा, एडवोकेट नितीश राणा, दिवाकर सिनसिवार, यशपाल सिंह, सोयब राणा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाकियू सर छोटूराम ने स्पष्ट किया कि किसानों, कर्मचारियों और आमजन के हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन आगे भी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा और जरूरत पड़ने पर बड़े आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा।






