बेंगलुरु में गूंजा यूपी का विकास मॉडल, उद्योग जगत ने बताया निवेश, नवाचार और रोजगार का सबसे बड़ा उभरता केंद्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को बेंगलुरु में आयोजित निवेशक संवाद के दौरान उद्योग जगत से व्यापक सराहना मिली। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), टेक्नोलॉजी, रियल एस्टेट, इंश्योरेंस, स्टार्टअप और मानव संसाधन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश को निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन का सबसे संभावनाशील गंतव्य बताया।
निवेशकों ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेशक-अनुकूल नीतियों और तेज़ी से विकसित हो रही कनेक्टिविटी ने उत्तर प्रदेश को नई अर्थव्यवस्था और वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है।
जीसीसी सेक्टर के लिए आदर्श गंतव्य बन रहा उत्तर प्रदेश
जीसीसी उद्योग विशेषज्ञ एवं एआई रणनीतिकार अनिल पद्मनाभन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मजबूत शासन व्यवस्था, आधुनिक आधारभूत संरचना और उद्योग समर्थक नीतियां इसे ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों के लिए आदर्श स्थान बनाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत में जीसीसी स्थापित करने की इच्छुक कंपनियों के लिए उत्तर प्रदेश अब प्राथमिक विकल्प बनता जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नोएडा-जेवर-लखनऊ कॉरिडोर पर निवेशकों की नजर
सत्त्व ग्रुप के डायरेक्टर कॉरपोरेट अफेयर्स पी.के. मिश्रा ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और लखनऊ क्षेत्र आने वाले वर्षों में देश के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक एवं औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता और बेहतर कार्यसंस्कृति ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।
एऑन ने नोएडा में 1000 तक नए रोजगार सृजित करने की योजना बताई
वैश्विक इंश्योरेंस ब्रोकिंग कंपनी एऑन (AON) की निदेशक शेरिन जॉन ने बताया कि कंपनी नोएडा स्थित अपने कार्यालय का विस्तार कर रही है और 600 से 1000 अतिरिक्त रोजगार सृजित करने की योजना पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उपलब्ध आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योगों तक आसान पहुंच इसे कॉरपोरेट विस्तार के लिए उपयुक्त बनाती है।
स्टार्टअप और नवाचार को मिल रहा नया आधार
आविष्कार समूह और इंटेलीकैप की प्रतिनिधि सायना देनुगरा ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने उद्यमिता, स्टार्टअप और विकासात्मक निवेश के लिए अत्यंत अनुकूल वातावरण तैयार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ सहित प्रदेश के कई शहर भविष्य में टेक्नोलॉजी और नवाचार आधारित स्टार्टअप इकोसिस्टम के प्रमुख केंद्र बनेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निवेशकों ने जताया भरोसा
टीई कनेक्टिविटी की प्रतिनिधि सुनीता ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रहा है और निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की विकास गति भविष्य के निवेश के लिए सकारात्मक संकेत देती है।
निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि उत्तर प्रदेश आज केवल एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि निवेश, तकनीक, नवाचार और रोजगार सृजन का नया राष्ट्रीय केंद्र बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में तैयार हो रहा औद्योगिक और आर्थिक इकोसिस्टम आने वाले वर्षों में वैश्विक निवेश को नई दिशा देगा।
बेंगलुरु में आयोजित यह संवाद उत्तर प्रदेश की बढ़ती आर्थिक शक्ति, निवेश क्षमता और विकास के प्रति उद्योग जगत के भरोसे का प्रमाण माना जा रहा है।






