थाना बीटा-2 पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
दिनांक 24 जून 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आईथम गैलेरिया मॉल के पास से वाहन चोरी में संलिप्त अभियुक्त अर्पित पुत्र प्रमोद सिवाच निवासी नगला हुकुम सिंह, थाना रबूपुरा तथा विवेक पुत्र गुलाब सिंह निवासी अट्टा गुर्जरान, थाना दनकौर को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की स्कूटी संख्या UP16CF0972, मोटरसाइकिल संख्या UP80GV7664 तथा दो अवैध चाकू बरामद किए गए। बरामद वाहन पूर्व में दर्ज चोरी के अभियोगों से संबंधित पाए गए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना बीटा-2 पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास एवं अन्य संभावित संलिप्तताओं की भी जांच की जा रही है।






