जिम्स कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में सपा का जोरदार प्रदर्शन, डीएम से मुलाकात न होने पर कार्यकर्ताओं ने किया रोड जाम
ग्रेटर नोएडा। जिम्स अस्पताल में धरने पर बैठे कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग करना चाहते थे, लेकिन पूर्व सूचना के बावजूद जिलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर-परी चौक मार्ग पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी बच्चू सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और उनकी बात सुनी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने आरोप लगाया कि जिम्स अस्पताल में शांतिपूर्ण धरने पर बैठे कर्मचारियों पर देर रात पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करना और महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के खिलाफ है।
उन्होंने मांग की कि गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को तत्काल रिहा किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी आगामी मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान विरोध दर्ज कराएगी।
समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने कहा कि कोरोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के साथ हुई कार्रवाई की पार्टी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और अस्पताल प्रशासन की भूमिका की जांच की मांग की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए, न कि बल प्रयोग के जरिए।
इस अवसर पर बीर सिंह यादव, फकीर चंद नागर, इन्दर प्रधान, सुनील चौधरी, विनोद लोहिया, विकास जतन भाटी, रोहित मत्ते गुर्जर, अवनीश भाटी, विकास यादव, कुलदीप भाटी, बबलू चौहान, अक्षय चौधरी, कुंवर नादिर अली, ओमपाल राणा, राघवेंद्र दुबे, विक्रम टाइगर, मुकेश शिसौदिया, नीरज भाटी, जगवीर नंबरदार, दीपक शर्मा, सूरज राणा, वकील सिद्दीकी, सीपी सोलंकी, विनीत यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।






