“सांप-सीढ़ी के लालच में न फंसें, समझदारी से करें निवेश” — साइबर ठगी से बचाव को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस की विशेष मुहिम
गौतमबुद्धनगर। ऑनलाइन निवेश के नाम पर बढ़ते साइबर अपराधों से आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत “सांप-सीढ़ी” की रोचक अवधारणा पर आधारित एक जागरूकता वीडियो जारी किया गया है, जिसमें लोगों को अधिक मुनाफे के लालच में फर्जी निवेश योजनाओं से बचने का संदेश दिया गया है।
वीडियो के माध्यम से समझाया गया है कि जैसे सांप-सीढ़ी के खेल में एक गलत चाल व्यक्ति को ऊंचाई से नीचे ला सकती है, उसी प्रकार बिना जांच-पड़ताल के किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाना भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी ट्रेडिंग एवं निवेश प्लेटफॉर्म, टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुपों के साथ-साथ आकर्षक ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए लोगों को कम समय में कई गुना मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। शुरुआत में छोटे-छोटे लाभ दिखाकर विश्वास जीता जाता है और बाद में बड़ी रकम निवेश कराने के बाद अपराधी संपर्क समाप्त कर धनराशि हड़प लेते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कम समय में सुनिश्चित और अत्यधिक मुनाफे का दावा करने वाली योजनाओं से सतर्क रहें। किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म या कंपनी की वैधता की जांच किए बिना निवेश न करें तथा केवल अधिकृत और विश्वसनीय वित्तीय संस्थानों या नियामक संस्थाओं से मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया, टेलीग्राम या व्हाट्सएप पर मिलने वाली निवेश संबंधी सलाह पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करने से भी बचें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर निवेश ठगी का शिकार हो जाता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत करने से ठगी गई धनराशि को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपने आधिकारिक Instagram और YouTube चैनलों की भी शुरुआत की है। इन प्लेटफॉर्मों पर साइबर अपराधों के नए तरीके, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय, डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी और जागरूकता वीडियो नियमित रूप से साझा किए जाएंगे।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नागरिकों से इन आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों से जुड़ने और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
संदेश:
“निवेश में शॉर्टकट नहीं, समझदारी चुनें। लालच की सीढ़ी अक्सर साइबर ठगी के सांप तक पहुंचाती है।”
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।






