20 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
ग्रेटर नोएडा/गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश को ग्रीन एनर्जी और सोलर मैन्युफैक्चरिंग का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में सेल सोलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के ₹8,200 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले अत्याधुनिक सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह परियोजना 200 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी और इसमें 5 गीगावाट सोलर सेल तथा 5 गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण की क्षमता होगी। इस परियोजना से प्रदेश में लगभग 5,000 प्रत्यक्ष तथा 15,000 अप्रत्यक्ष, यानी कुल 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ऊर्जा संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे समय में भारत ने नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देकर दुनिया के सामने एक नई दिशा प्रस्तुत की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर शुरू किए गए इंटरनेशनल सोलर एलायंस ने भारत को वैश्विक स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाया है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 6 लाख से अधिक परिवार अपने घरों पर सोलर रूफटॉप लगाकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं, जिससे उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है और अगले दो वर्षों में प्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 2,000 मेगावाट तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में प्रदेश 6,000 मेगावाट से अधिक बिजली नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से प्राप्त कर रहा है। सरकार सौर ऊर्जा के साथ-साथ पराली से सीबीजी, सीएनजी और इथेनॉल उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सर्वाधिक इथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों को ₹3.22 लाख करोड़ से अधिक का भुगतान किया है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कृषि अवशेषों के बेहतर उपयोग से किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में भी प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर क्षेत्र आज विकास और निवेश का नया केंद्र बन चुका है। यहां निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, फिल्म सिटी, अपैरल पार्क, विश्वविद्यालय और लॉजिस्टिक हब जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर बदल रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सेल सोलर इंडस्ट्रीज की यह परियोजना जेवर को देश के प्रमुख सोलर सेल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करेगी और आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति देगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने सेल सोलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन जसबीर सिंह, एमडी सुखबीर सिंह और उनकी पूरी टीम का उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां, 75 हजार एकड़ से अधिक का लैंड बैंक, विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मजबूत रेल संपर्क और उत्कृष्ट सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, सेल सोलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन जसबीर सिंह, एमडी सुखबीर सिंह, सीओ लक्षित बावला, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह सहित शासन, प्रशासन, उद्योग जगत एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह परियोजना उत्तर प्रदेश को सोलर उपकरण निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ हरित ऊर्जा, औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी एक नया अध्याय लिखेगी।






