अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग और ब्लैक स्पॉट पर कार्रवाई के दिए निर्देश
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जागरूकता अभियान, स्कूल वाहनों की जांच और ईडीएआर पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, हादसों में होने वाली मृत्यु दर को कम करने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक और कानूनी दायित्व भी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। अवैध कटों को बंद करने और सड़क सुरक्षा संकेतकों को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी जरूरी है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित सभी मामलों की ईडीएआर (eDAR) पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इससे दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा एवं बीमा दावों का निस्तारण समय पर हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालय यान सुरक्षा समिति के तहत सभी स्कूलों में अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालकों की दृष्टि एवं स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा बिना फिटनेस वाले किसी भी स्कूल वाहन को सड़क पर संचालन की अनुमति न दी जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके अलावा जनपद की प्रमुख सड़कों एवं यातायात प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि ट्रैफिक संचालन को और अधिक सुगम बनाया जा सके।
बैठक के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा तथा डीसीपी ट्रैफिक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को भविष्य में बैठकों में समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. उदित नारायण पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन सहित पुलिस, प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






