ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जल शुल्क के बकाया उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 30 जून तक अपना बकाया जमा कर ब्याज की राशि पर 40 प्रतिशत तक की छूट का लाभ अवश्य उठा लें। इसके बाद एक जुलाई से यह छूट घटकर 30 प्रतिशत रह जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण बोर्ड की मंजूरी से तीन माह के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू की गई है। योजना के तहत 30 जून तक बकाया जमा करने पर ब्याज की राशि में 40 प्रतिशत, 31 जुलाई तक 30 प्रतिशत तथा 31 अगस्त तक 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके बाद यह योजना स्वतः समाप्त हो जाएगी।
प्राधिकरण के अनुसार वर्तमान में विभिन्न श्रेणियों के आवंटियों पर लगभग 290 करोड़ रुपये का जल शुल्क बकाया है। इसमें बिल्डर सोसाइटियों पर करीब 146 करोड़ रुपये, आवासीय आवंटियों पर 65 करोड़ रुपये, संस्थागत श्रेणी पर 50 करोड़ रुपये, उद्योगों पर 14.61 करोड़ रुपये, आवासीय समितियों पर लगभग 10 करोड़ रुपये तथा शेष राशि आईटी एवं व्यावसायिक आवंटियों पर बकाया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसीईओ ने सभी बकायेदारों से समय रहते योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर भुगतान करने से उन्हें ब्याज में पर्याप्त राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार की पहल पर इस वर्ष प्राधिकरण बोर्ड ने जल शुल्क की दरों में कोई वृद्धि नहीं की है, जबकि पिछले कई वर्षों से जल मूल्य में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाती रही थी। यह निर्णय उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






