गौतम बुद्ध नगर
दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, राज्य कर विभाग एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-148 स्थित राज्य कर कार्यालय भवन के सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के उत्कृष्ट करदाताओं को भामाशाह पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर राज्य कर संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर जमा करने वाले प्रतिष्ठानों एवं करदाताओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पैजेट इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्राइवेट लिमिटेड, ईस्ट वेस्ट सॉफ्टटेक प्राइवेट लिमिटेड, एलीवर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, लॉन्गचियर मोबाइल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सिंगला ऑटो एजेंसीज, बिंदल टेक्नोपॉलिमर प्राइवेट लिमिटेड, नॉर्मेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मैक्स स्क्वायर लिमिटेड, प्लैनेट कास्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, फेनो ऑर्गेनिक, स्केल्टन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा ज्योति अरोड़ा शामिल रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने संबोधन में विधायक तेजपाल नागर ने सभी व्यापारियों एवं उद्यमियों को दानवीर भामाशाह की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भामाशाह का जीवन समाजसेवा, राष्ट्रभक्ति और आर्थिक सहयोग का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जनपद गौतम बुद्ध नगर के व्यापारी और उद्यमी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कर योगदान से प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
एडिशनल कमिश्नर राज्य कर संदीप भागिया ने जनपद के व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक जीएसटी संग्रह गौतम बुद्ध नगर से होता है, जो जनपद की औद्योगिक और आर्थिक क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि राज्य कर विभाग उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सदैव तत्पर है। साथ ही विभाग द्वारा व्यापारियों एवं उद्यमियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में विकास जैन, सुरेंद्र नाहटा, एल.बी. सिंह, संजीव शर्मा, अमित उपाध्याय, वीर शेखर चौधरी, मुकेश कक्कड़ सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम का उद्देश्य उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ व्यापारियों एवं उद्यमियों को राज्य कर विभाग की जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराना तथा सरकार और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।






