ग्रेटर नोएडा,
जेवर टोल प्रबंधन द्वारा किसान संगठनों की फ्री टोल सुविधा बंद किए जाने के मामले में किसान संगठनों की एकजुटता और प्रशासन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद टोल सुविधा पुनः बहाल कर दी गई है। इसके चलते 3 जुलाई को प्रस्तावित किसान पंचायत एवं धरना कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
इस संबंध में गुरुवार को यमुना विकास प्राधिकरण में किसान संगठनों, जेवर टोल प्रबंधन, यमुना प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की ओर से टोल सुविधा बंद किए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया तथा इसे तत्काल बहाल करने की मांग उठाई गई।
बैठक के दौरान डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने किसान प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शाम 5 बजे तक पहले की तरह सभी किसान संगठनों की फ्री टोल सुविधा पुनः सुचारू कर दी जाएगी। प्रशासन ने अपने आश्वासन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय से पहले ही टोल सुविधा बहाल कर दी, जिससे किसानों में संतोष का माहौल बना।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
टोल सुविधा बहाल होने के बाद किसान संगठनों ने आपसी सहमति से 3 जुलाई को प्रस्तावित पंचायत एवं धरना कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसानों के अधिकारों और सुविधाओं में किसी प्रकार का हस्तक्षेप किया गया, तो सभी किसान संगठन संयुक्त रूप से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
किसान संगठनों ने इस पूरे मुद्दे पर एकजुटता दिखाने वाले सभी किसानों, सामाजिक संगठनों एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।






